
रिपोर्टर टेकराम कोसले
कुम्हारी (छत्तीसगढ़) | 14 अप्रैल 2026
ग्राम पंचायत कुम्हारी के सतनामी मोहल्ला में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, उनके सामाजिक न्याय के प्रति योगदान एवं संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस आयोजन में सतनामी समाज के अध्यक्ष शिवराम नवरत्न, सचिव रामखिलावन नवरत्न, प्रदीप नवरत्न, शिक्षक शंकर लाल नवरत्न, कैलाश नवरत्न, तिरिथराम नवरत्न, फुलेश नवरत्न, टेकराम कोसले (जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार, बहुजन सशक्ति संघ छत्तीसगढ़), महेंद्र सिंह नवरत्न सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज के उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारा और जागरूकता का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ।