किसानों की 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सारंगढ़ में कांग्रेस का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

SARJU PRASAD SAHU

June 11, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिला किसान कांग्रेस सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नेतृत्व में बुधवार को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में बताया गया कि जिले सहित पूरे प्रदेश के किसान खाद, बीज, डीजल, कृषि बिजली और धान भुगतान जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, वहीं खाद वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।किसान कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि प्रति एकड़ खाद कटौती की नीति को तत्काल वापस लिया जाए और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार एकमुश्त खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही वर्तमान में लागू तीन चरणों में खाद वितरण की व्यवस्था को समाप्त कर छोटे और बड़े सभी किसानों को समान रूप से खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई है।ज्ञापन में किसानों के लिए डीजल और पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने, कृषि कार्यों हेतु पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने तथा कृषि पंपों के लिए मुफ्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की भी मांग की गई। इसके अलावा खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने और पूरे प्रदेश में खाद की एक समान दर लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

किसान कांग्रेस ने कृषि ऋण (केसीसी) की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने, धान एवं अन्य कृषि उपज का भुगतान एकमुश्त करने तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत किसानों को मिलने वाली लंबित अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा।

प्रमुख मांगें

⚫ प्रति एकड़ खाद कटौती की नीति वापस ली जाए।

⚫ खाद वितरण की तीन चरणों वाली व्यवस्था समाप्त की जाए।

⚫ किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए।

⚫ डीजल-पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

⚫ किसानों को मुफ्त एवं पर्याप्त कृषि बिजली उपलब्ध कराई जाए।

⚫ खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए।

⚫ केसीसी ऋण सीमा 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की जाए।

⚫ धान एवं कृषि उपज का भुगतान एकमुश्त किया जाए।

⚫ विभागीय योजनाओं की लंबित अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।

कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण मालाकर, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज, जनपद पंचायत सभापति विजय विक्की पटेल, कोमल शशि पटेल, रोहित महिलाने, अभिनव पुजारी, कन्हैया सारथी, दुर्गेश पटेल, पार्षद शुभम बाजपेयी, एनएसयूआई नेता अभिषेक शर्मा, विकास मालाकार, मिथलेश गोस्वामी, नगर पालिका उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार, पार्षद सरिता गोपाल, राजकमल अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चिंता पटेल, रमेश खुटे, लता जाटवर, पुरुषोत्तम साहू, संजय दुबे महाराज, सतीश श्रीवास, अश्वनी चंद्रा, लोचन पटेल, विष्णु चंद्रा, जितेंद्र चंद्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment