कलेक्टर ने सेवा सेतु केन्द्र का किया औचक निरीक्षण; क्यूआर कोड से मिलेगी 441 सेवाओं की जानकारी
हितग्राही को अपने हाथों से सौंपे जाति और निवास प्रमाण पत्र
- बलौदाबाजार, 15 मई 2026:

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में संचालित ‘सेवा सेतु केन्द्र’ (पूर्व नाम लोक सेवा केन्द्र) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अब सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से एक ही छत के नीचे 441 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसकी जानकारी आम जनता तक पहुंचनी जरूरी है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने केन्द्र में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए एक नई पहल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सेवा सेतु केन्द्र के प्रबंधक श्रद्धा वर्मा को निर्देशित किया कि सभी केन्द्रों के बाहर लगाए जाने वाले बैनरों में क्यूआर (QR) कोड अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। इस क्यूआर कोड को स्कैन करके लोग आसानी से केन्द्र में मिलने वाली सभी सुविधाओं, शुल्कों और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी अपने मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां मौजूद हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया। उन्होंने पूछा कि फॉर्म भरने के लिए कितना शुल्क लिया जा रहा है और काम समय पर हो रहा है या नहीं।
-
हितग्राही नंदिनी को मिला प्रमाण पत्र: बलौदाबाजार निवासी नंदिनी पुरेना ने कलेक्टर को बताया कि वे जाति और निवास प्रमाण पत्र लेने आई हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले आवेदन किया था और मोबाइल पर ‘प्रमाण पत्र तैयार होने’ का मैसेज मिलते ही वे इसे लेने आईं। उन्होंने बताया कि फॉर्म भरने के लिए केवल 30 रुपये का शुल्क लिया गया। कलेक्टर ने स्वयं हितग्राही नंदिनी को उनका जाति व निवास प्रमाण पत्र सौंपा।
-
सीमांकन के लिए पहुंचे बोधराम: इसी तरह तहसील सुहेला के ग्राम भटभेरा से आए बोध राम सिन्हा ने कलेक्टर को बताया कि वे अपनी जमीन के सीमांकन से जुड़े कार्य के लिए केन्द्र पहुंचे हैं।
कलेक्टर ने सेवा केन्द्र प्रबंधक श्रद्धा वर्मा से प्रतिदिन आने वाले फॉर्मों की संख्या, राजस्व और दी जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा:
“सेवा सेतु केन्द्र का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बिना किसी परेशानी के त्वरित सेवाएं देना है। केन्द्र में उपलब्ध सभी 441 सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को अपने काम के लिए भटकना न पड़े।”