महासमुंद/बसना। रायपुर जिले की धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नकटी में गरीब परिवारों के आशियानों पर बुलडोजर चलाए जाने की घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए इसे गरीब और भूमिहीन परिवारों के साथ अन्याय बताया।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि इस घटना से प्रदेशभर के गरीब परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि वर्षों से सरकारी भूमि पर रहकर जीवनयापन कर रहे गरीब परिवारों को अब अपने आशियाने उजड़ने का डर सताने लगा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व गरीबों को आवास उपलब्ध कराना है, न कि उन्हें बेघर करना। यदि किसी भूमि को लेकर विवाद है तो उसका समाधान कानून और मानवीय संवेदनाओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। सीधे बुलडोजर की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाई उनकी परेशानियों को और बढ़ाने वाली है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिन परिवारों के आशियाने हटाए गए हैं, उनके लिए सम्मानजनक पुनर्वास, आवास और उचित मुआवजे की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की कि प्रदेश में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और ऐसी नीति बनाई जाए जिससे किसी भी गरीब परिवार को बेघर होने का भय न रहे।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि गरीबों के आशियाने उजाड़ने का सिलसिला जारी रहा तो प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।