महासमुंद / बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा है कि महिलाओं के नाम पर राजनीतिक दिखावा बंद किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को गुमराह करने का काम कर रही है, जबकि महिला सशक्तिकरण की नींव करीब 35 वर्ष पहले कांग्रेस सरकार ने रखी थी।
श्री प्रधान ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय कांग्रेस के कार्यकाल में लिया गया था, जिसने गांव-गांव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने इसे सिर्फ एक कानून नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में क्रांतिकारी पहल बताया।
मोक्ष कुमार प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय का राजनीतिक उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, “2023 में महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष ने समर्थन दिया, लेकिन जिस विषय पर पहले सहमति बन चुकी है, उसे बार-बार नए तरीके से पेश करना सरकार की दोहरी मानसिकता को उजागर करता है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बसना विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे सिर्फ घोषणाओं से नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत से सरकार का मूल्यांकन करेंगी। उन्होंने कहा, “भाजपा को चाहिए कि वह महिलाओं को भ्रमित करने के बजाय उनके सशक्तिकरण के लिए ईमानदारी से काम करे, वरना आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी।