देवभोग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 126 क्विंटल डीएपी खाद और आईशर वाहन जब्त

SARJU PRASAD SAHU

June 25, 2026

तेतलखुटी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा वाहन, चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में रहा असफल; करीब 3.50 लाख रुपये की खाद बरामद

देवभोग। गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसानों की बढ़ती जरूरतों के बीच अवैध रूप से खाद परिवहन और जमाखोरी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए देवभोग पुलिस ने 126 क्विंटल डीएपी (DAP) खाद से भरे एक आईशर (मेटाडोर) वाहन को जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवभोग थाना क्षेत्र के तेतलखुटी इलाके में एक संदिग्ध आईशर वाहन द्वारा खाद की खेप उतारे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 को रोककर उसकी जांच की।

तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में डीएपी खाद लोड मिली। जांच में कुल 280 बोरी डीएपी खाद, जिसका वजन लगभग 126 क्विंटल (12.6 टन) है, बरामद की गई। जब पुलिस ने वाहन चालक युधिष्ठिर दंता (42 वर्ष), निवासी इंदागांव से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज, बिल एवं अन्य कागजात प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।

दस्तावेजों के अभाव और अवैध परिवहन की आशंका के चलते पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खाद की पूरी खेप और परिवहन में प्रयुक्त आईशर वाहन को जब्त कर लिया। जब्त डीएपी खाद की बाजार कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खरीफ सीजन में खाद की कमी और अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतों के बीच इस तरह की कार्रवाई से न केवल कालाबाजारी करने वालों को कड़ा संदेश मिलेगा, बल्कि किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

देवभोग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कृषि सामग्री की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment