मनेंद्रगढ़ छात्रावास में बदहाल व्यवस्था, ABVP का अल्टीमेटम—7 दिन में सुधार नहीं तो उग्र आंदोलन

SARJU PRASAD SAHU

April 18, 2026

मनेंद्रगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की मनेंद्रगढ़ इकाई ने अनुसूचित जनजाति छात्रावास में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि छात्रावास में रह रहे छात्र मूलभूत सुविधाओं के अभाव में दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में छात्रावास की प्रमुख समस्याओं का उल्लेख करते हुए बोरवेल की कमी, स्वच्छ पेयजल का अभाव और भीषण गर्मी में वाटर कूलर की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों को उठाया गया।

नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा ने कहा कि छात्रावास में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

वहीं नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने भी कहा कि गर्मी के मौसम में छात्रों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग की।

परिषद ने SDM से छात्रावास की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हित में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment