पिथौरा। संस्कार शिक्षण संस्थान द्वारा प्रतिभा विद्यालय पिथौरा में चल रहे संस्कार मल्टी टैलेंट समर कैंप में साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिथौरा एसडीपीओ अजीत ओगरे और समर कैंप की निदेशक सीमा गौरव चंद्राकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
एसडीपीओ अजीत ओगरे ने छात्रों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों से सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग और एटीएम फ्रॉड जैसे अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा, “कोई भी व्यक्ति मुफ्त में पैसा नहीं देता। अपने बैंक विवरण या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।” साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना देने की सलाह भी दी गई।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर भी चर्चा हुई, जिसमें यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता बताई गई। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एसडीपीओ से विभिन्न सवाल पूछे। समापन पर समर क्लास में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को एसडीपीओ अजीत ओगरे ने मेडल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आरक्षक हरिबंधु बारिक, चालक आर मयंक, निदेशक सीमा गौरव चंद्राकर, संस्थान के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।