संकुल शैक्षिक समन्वयक शिक्षक उन्नयन कल्याण संघ ने सजाया सम्मान का मंच; शॉल-श्रीफल, मोमेंटो और पुष्पहार से किया अभिनंदन, शिक्षक एकता की दिखी ताकत
छत्तीसगढ़। शिक्षक और अधिकारियों के बीच जब सम्मान, विश्वास और आत्मीयता का रिश्ता नजर आया तो समारोह का माहौल भी खास बन गया। कहीं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया तो कहीं शॉल-श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान जताया गया। अवसर था सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी से सहायक संचालक के पद पर पदोन्नत हुए श्री सतीश महेश्वरी और नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.के. गेंदले के स्वागत एवं सम्मान समारोह का। छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक शिक्षक उन्नयन कल्याण संघ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और संकुल समन्वयक जुटे। समारोह में शिक्षक समाज की एकजुटता और अपनेपन की झलक देखने को मिली।
महेश्वरी की पदोन्नति पर शिक्षकों ने जताई खुशी
संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम कुमार राय गुरुजी ने कहा कि श्री सतीश महेश्वरी ने सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में अपनी कार्यशैली, अनुशासन और शिक्षकों के प्रति सकारात्मक व्यवहार से अलग पहचान बनाई है। उनका सहायक संचालक के पद पर पदोन्नत होना पूरे शिक्षक समाज के लिए गर्व और खुशी का विषय है। किसी अधिकारी की असली पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके काम और व्यवहार से बनती है। महेश्वरी ने अपने कार्यकाल में शिक्षकों के बीच जो विश्वास अर्जित किया है, वह सराहनीय है।
डीईओ बोले- शिक्षकों के सहयोग से जिले को बनाएंगे शिक्षा का मॉडल
नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.के. गेंदले ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों और संकुल समन्वयकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग और टीम भावना से जिले की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में जुटने का आह्वान किया।
सम्मान से अभिभूत हुए महेश्वरी, बोले- शिक्षकों का स्नेह ही सबसे बड़ी पूंजी
सम्मान समारोह में श्री सतीश महेश्वरी ने संघ और उपस्थित शिक्षक साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से मिलने वाला सम्मान और स्नेह किसी भी उपलब्धि से कम नहीं है। शिक्षकों का सम्मान ही शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारी में भी शिक्षक हितों और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
मोमेंटो, शॉल-श्रीफल देकर किया सम्मान
कार्यक्रम में संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम कुमार राय गुरुजी सहित पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को मोमेंटो, पुष्पहार, शॉल, श्रीफल, कलम, डायरी एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में ब्लॉक अध्यक्ष छन्नू लाल वर्मा, उपाध्यक्ष तुलसी दास डहरिया, सचिव कृष्ण कुमार फेकर, कोषाध्यक्ष अमित कुमार साहू, सहसचिव मोतीराम फेकर सहित ईश्वर चंद, विद्यासागर कनौजे, दिलीप सिंह पैकरा, मंत राम वर्मा, मुकेश कुमार साहू, योगेश कुमार वर्मा, विश्वनाथ माण्डले, देवेंद्र कुमार साहू, किशन लाल बंजारे, होरी लाल वर्मा, चन्द्रभूषण सिंह ध्रुव, यदुनंदन पटेल, विष्णु कुमार फेकर, राजेश कुमार सेन, हेमंत कुमार लोधी, गंगा प्रसाद सोनवानी, प्रमोद कुमार साहू, राजेन्द्र कुमार रात्रे, अजय कुमार रात्रे, रूपेन्द्र कुमार चन्द्राकर, डिगेश्वर प्रसाद सरसीहा, नरेन्द्र पटेल, भोला राम वर्मा, विश्वनाथ साहू, टीकाराम वर्मा, मनोज कुमार गायकवाड़, खेमुलाल फेकर, मनीराम तुरकाने, धनंजय कुमार खर्से एवं नेमीचंद बघेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और संकुल समन्वयक मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार फेकर ने किया। अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अमित साहू ने आभार व्यक्त किया।
शिक्षा एकता का दिखा दम
समारोह में जिस तरह बड़ी संख्या में शिक्षक और संकुल समन्वयक एक मंच पर जुटे, उससे संगठन की एकजुटता भी नजर आई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के विकास के साथ-साथ शिक्षकों के सम्मान और आपसी सहयोग को मजबूत करना भी जरूरी है।



