गदहीडीह तरफ से आया कुत्ता बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, बच्चों को देखते ही कर रहा हमला; स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा इलाज
लच्छनपुर। पलारी ब्लाक के गदहीडीह के तरफ से आए एक पागल कुत्ते ने लच्छनपुर इलाके में हड़कंप मचा दिया है। कुत्ता छोटे-छोटे बच्चों को निशाना बना रहा है। अब तक चार मासूम बच्चों को काटकर घायल करने की बात सामने आई है।हमले में बच्चों के नाक, आंख और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।कुत्ते के अचानक हमला करने से गांव में डर का माहौल है। माता-पिता अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी घबरा रहे हैं। घायल बच्चों का स्वास्थ्य केंद्र लच्छनपुर में इलाज चल रहा है।
सरपंच ने लोगों को किया सावधान
मामले की जानकारी मिलते ही लच्छनपुर के सरपंच भूपेंद्र साहूने कुत्ते की तलाश शुरू करवा दी है। सरपंच ने गांव के लोगों से साफ कहा है कि कुत्ता दिखे तो उसके नजदीक जाने की गलती न करें। खासकर बच्चों को कुत्ते से दूर रखें।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक कुत्ता पकड़ में नहीं आता, बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें अकेले बाहर न भेजें।
गांव में एक ही चर्चा—कुत्ता कब पकड़ाएगा?
चार मासूमों को काटने के बाद अब ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हर किसी की नजर इसी बात पर है कि आखिर यह पागल कुत्ता कब पकड़ में आएगा और गांव के बच्चे कब सुरक्षित होंगे। फिलहाल कुत्ते की तलाश जारी है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।