खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति के रंग में रंगा आयोजन, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
बलौदाबाजार । सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेल महोत्सव 2026-27 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सोसाइटी ऑफ सेक्रेड हार्ट सिस्टर्स की अध्यक्ष सिस्टर एनसी फिलिप नेल्लिकायम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। रायपुर आई जी कार्यालय में पदस्थ पुलिस निरीक्षक एवं विद्यालय की पूर्व छात्रा सोनम शुक्ला मुख्य अतिथि तथा जिला खेल अधिकारी सुश्री प्रीति बंछोर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर एनिस मैथ्यू एवं प्राचार्या सिस्टर शेरिन थॉमस भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना नृत्य से हुआ। इसके बाद विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और खेल भावना, निष्पक्षता एवं अनुशासन की शपथ ली। विद्यालय बैंड की प्रस्तुति ने आयोजन में उत्साह का संचार किया। नर्सरी एवं केजी के नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, विद्यार्थियों की देशभक्ति पर आधारित विशेष फॉर्मेशन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत क्रैब रेस, बैलेंसिंग द कोन, हुला हूप, स्किपिंग रेस, स्लो साइकिल रेस एवं रस्साकशी जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने कराटे प्रदर्शन के माध्यम से आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और सुरक्षा का संदेश दिया। समापन अवसर पर ‘अचीवमेंट्स ऑफ इंडिया’ प्रस्तुति के जरिए हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।इस अवसर पर पिछले शैक्षणिक सत्र में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्या सिस्टर शेरिन थॉमस ने अभिभावकों के सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार जताया। उन्होंने आयोजन की सफलता में शिक्षकों के परिश्रम, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं अनुशासन की प्रशंसा की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



