पत्रकार लकेश्वर के पिता से मारपीट, प्रेस क्लब ने सौंपा ज्ञापन; थाना प्रभारी को हटाने की मांग

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 17, 2026

आरोपियों की गिरफ्तारी और काउंटर FIR की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग, SP कार्यालय पहुंचकर ASP को सौंपा ज्ञापन

बलौदाबाजार। ग्राम बनगबौद में दीपावली के दौरान पत्रकार लकेश्वर बघेल के पिता प्रकाश बघेल के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज होने पर बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा को ज्ञापन सौंपा।

मारपीट के अगले दिन दर्ज हुई काउंटर FIR

प्रेस क्लब की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि मारपीट की घटना में प्रकाश बघेल गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके सिर और आंखों के आसपास चोटें आई थीं तथा उपचार के दौरान टांके भी लगाने पड़े। आरोप है कि पिता के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार लकेश्वर बघेल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।

इस मामले में थाना लवन में अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज किया गया था। वहीं, घटना के अगले दिन घायल प्रकाश बघेल, उनके पत्रकार पुत्र और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0399/2026 के तहत काउंटर एफआईआर दर्ज कर दी गई। इसी कार्रवाई को लेकर प्रेस क्लब ने निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

थाना प्रभारी को हटाकर वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराने की मांग

ज्ञापन में लवन थाना प्रभारी को वर्तमान पदस्थापना से हटाने और पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ एवं निष्पक्ष पुलिस अधिकारी से कराने की मांग की गई है। इसके अलावा मारपीट के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, गवाहों को धमकाने की शिकायत की जांच और पीड़ित पत्रकार के परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी उठाई गई है। प्रेस क्लब ने काउंटर एफआईआर की भी निष्पक्ष समीक्षा करने की बात कही है।

निष्पक्ष जांच और पत्रकार परिवार की सुरक्षा पर जोर

प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि मामले में किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। कानून सभी के लिए समान है, लेकिन एक घायल परिवार को न्याय और सुरक्षा मिलना भी पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। पत्रकारिता के नाम पर किसी को कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता और न ही किसी पत्रकार या उसके परिवार को न्याय से वंचित किया जाना चाहिए। प्रेस क्लब ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, सचिव दलजीत सिंह चावला, उपाध्यक्ष निशांत श्रीवास्तव, सलाहकार सुदेश साहू एवं राघवेंद्र सिंह सहित आभाष शर्मा, विजय तिवारी, शंकर दुलानी, राजा वालेचा, लकेश्वर बघेल, तोषन चौबे और तुलसी साहू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment