हथौद के ग्वालिन नाला के पास जुआ खेलते पकड़े गए थे अन्य आरोपी, पुलिस को देख भाग निकले थे विमल अजय
दूसरे दिन दर्ज हुआ मामला, गिरफ्तारी के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी
कसडोल। ग्राम हथौद के ग्वालिन नाला के पास जुआ खेलने के मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार हुए कांग्रेस नेता विमल अजय को कसडोल पुलिस ने आखिरकार गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हथौद के ग्वालिन नाला के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि अन्य को पुलिस ने पकड़ लिया।
मौके से 1020 रुपए और ताश की गड्डी जब्त
पुलिस ने मौके से गगन यादव (27) और मुकेश यादव (22), दोनों निवासी बाजार चौक कसडोल, नवीन साहू निवासी सिंघारी तथा विमल अजय निवासी कसडोल के नाम सामने आने पर कार्रवाई की। मौके से 1020 रुपए नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की।
फरार आरोपी पर दूसरे दिन कार्रवाई
मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई शुरू की थी। फरार विमल अजय के खिलाफ 5 नवंबर को अपराध क्रमांक 423/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ ही आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।


