वर्षों से मरम्मत की मांग के बावजूद जगह-जगह बने हैं बड़े-बड़े गड्ढे,
छुरा/गरियाबंद :- छुरा-रसेला मार्ग पर ग्राम सेम्हरा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम छत्तरमड़ई निवासी महेश मांझी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही घटना स्थल पर अफरा तफरी मच गया। वहीं इस घटना के बाद छुरा-रसेला मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छत्तरमड़ई निवासी महेश मांझी किसी आवश्यक कार्य से छुरा आया हुआ था। अपना काम पूरा करने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान छुरा-रसेला मार्ग पर ग्राम सेम्हरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना तत्काल छुरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

जर्जर छुरा-रसेला मार्ग बन रहा आवागमन में परेशानी का कारण,
इस दर्दनाक हादसे के बाद छुरा से रसेला तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बार-बार संतुलन बनाना पड़ता है। वहीं सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने और गड्ढों से बचने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से आए दिन आवागमन में परेशानी होती है।
वर्षों से उठ रही मरम्मत की मांग, लेकिन नहीं सुधरी सड़क की स्थिति,
क्षेत्रवासियों का कहना है कि छुरा-रसेला मार्ग की मरम्मत को लेकर कई वर्षों से मांग की जा रही है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। जगह-जगह उखड़ी सड़क और गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की नियमित देखरेख और आवश्यक मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होगी, तब तक इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
लोक निर्माण विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग,
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुरा-रसेला मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क के गड्ढों को भरने के साथ-साथ जहां सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, वहां स्थायी मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सेम्हरा के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जर्जर सड़कों की समस्या को सामने ला दिया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन क्षेत्रवासी चाहते हैं कि संबंधित विभाग सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सुधार कार्य शुरू करे, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।
अब सवाल यह है कि क्या इस दर्दनाक हादसे के बाद जिम्मेदार विभाग छुरा-रसेला मार्ग की सुध लेगा या फिर सड़क की बदहाली के बीच लोगों का आवागमन इसी तरह जोखिम भरा बना रहेगा?


