अर्नब तूफान की तबाही: बलौदा बाजार के सोनाखान में फसलें बर्बाद, किसानों कि छीनी मुस्कान,तत्काल मुआवजे की मांग – युधिष्ठिर नायक
बलौदा बाजार / सोनाखान: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। बलौदा बाजार जिले के सोनाखान तहसील अंतर्गत अधिकांश गांव इस तूफान की चपेट में आ गए हैं, जिससे खेतों में लहलहाती फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र के अन्नदाता भारी संकट और दहशत में हैं।
वनांचल क्षेत्र के किसानों का कहना है कि खून-पसीने से सींची गई खड़ी फसल को देखकर उन्हें बेहतर उत्पादन की उम्मीद थी। परंतु, अर्नब तूफान के कारण हुए भीषण नुकसान ने उनके सारे सपनों को चकनाचूर कर दिया है। फसलें बर्बाद होने से किसानों के सामने अब परिवार के भरण-पोषण और सिर पर चढ़े कर्ज को चुकाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
क्षेत्र में उपजी इस विकराल स्थिति को देखते हुए सोनाखान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने स्थानीय तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (SDM), जिला कलेक्टर तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
युधिष्ठिर नायक ने मांग की है कि:
- राजस्व अमले को तुरंत मैदान में उतारकर प्रभावित फसलों का निष्पक्ष और त्वरित सर्वे कराया जाए।
- संकट की इस घड़ी में किसानों को अधिक से अधिक आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए।
- किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए राहत पैकेज की घोषणा की जाए, ताकि कर्ज के दबाव में कोई भी किसान अप्रिय कदम उठाने को मजबूर न हो।
उन्होंने शासन से आग्रह किया है कि अन्नदाताओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित राहत पहुंचाई जाए, जिससे आम जन और किसान-मजदूर वर्ग का सरकार पर भरोसा कायम रह सके।


