मटका फोड़ प्रतियोगिता रहा आकर्षण का केंद्र, राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने बांधा समां
गबौद। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गबौद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन से हुई। जन्माष्टमी को लेकर शाला परिसर को रंगोली और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण, ग्वाला और गोपियों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा शाला परिसर भक्तिमय हो उठा।
मटका फोड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी उत्सव में मटका फोड़ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कृष्ण की वेशभूषा में सजे बालकों ने उत्साह के साथ मटका फोड़कर कार्यक्रम में रोमांच भर दिया। वहीं बालिकाओं एवं शाला प्रबंधन समिति की महिला सदस्यों के लिए आयोजित लोटा दौड़ प्रतियोगिता ने भी खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
शिक्षक ने बच्चों को दिया श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का संदेश
शाला के शिक्षक एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम राय ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, प्रेम, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया। शाला के प्रधान पाठक ने उपस्थित सभी लोगों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उत्साह और सहभागिता की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत गबौद के पूर्व सरपंच नानक वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पिंकी यादव ने की। इस अवसर पर रोहिणी वर्मा, खिलेश्वरी वर्मा, कीर्ति घृतलहरे, गौकरण यादव, संतोष वर्मा, राधे घृतलहरे, यशवंत वर्मा, शाला के प्रधान पाठक दानेश्वर साहू, पूनम दर्रो, कौशिल्या सोनकेवरे, किरण घृतलहरे, भूमिका वर्मा सहित शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही