बसना। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बसना नगर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह सजे मां दुर्गा के पंडालों में श्रद्धालु माता रानी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसी क्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी और सुपुत्र के साथ नगर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां जगदंबा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा से बसना विधानसभा क्षेत्र के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सबसे पहले आदर्श नगर स्थित मां दुर्गा के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प एवं नैवेद्य अर्पित किया। इसके बाद वे बसना के मुख्य चौक स्थित आदर्श दुर्गा उत्सव समिति के भव्य पूजा पंडाल में पहुंचे, जहां समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां महिषासुरमर्दिनी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शारदीय नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, सद्भाव और धर्म की विजय का प्रतीक है। मां दुर्गा अपने भक्तों के कष्टों को दूर कर जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करती हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को नवरात्रि के अवसर पर समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने और आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें मातृशक्ति के सम्मान, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है। जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां समाज और राष्ट्र प्रगति करते हैं। उन्होंने कहा कि बसना क्षेत्र में विकास, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। मां जगदंबा के आशीर्वाद और क्षेत्र की जनता के सहयोग से बसना विधानसभा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पूजा-अर्चना और आरती के बाद विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने श्रद्धालुओं एवं दुर्गा उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।