ऑपरेशन निश्चय: स्कूटी से 13 किलो गांजा तस्करी करते ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार, ₹7.20 लाख का मशरूका जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत खल्लारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से स्कूटी में गांजा लेकर आ रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 किलोग्राम अवैध गांजा, एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 7 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निर्देशों के परिपालन में जिला पुलिस द्वारा ओडिशा सीमा से लगे इलाकों और मुख्य मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान खल्लारी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति ओडिशा के खरियार रोड की तरफ से भारी मात्रा में गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खल्लारी पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम आंवराडबरी के पास एनएच-353 पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें वाहन के सामने रखी एक सफेद प्लास्टिक की बोरी से 13 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार मूल्य 6 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- तरुण कुमार पोड़ (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम गोविंदपुर, थाना बांगोमुंडा, जिला बलांगीर (ओडिशा)।
- प्रमोद हंस (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम पण्ड्रीपानी, थाना सिन्देकला, जिला बलांगीर (ओडिशा)।
जब्त संपत्ति:
- 13 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग ₹6,50,000)
- सुजुकी एक्सेस स्कूटी (कीमत लगभग ₹50,000)
- 02 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹20,000)
- कुल जुमला मशरूका: ₹7,20,000
थाना खल्लारी में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 118/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार और परिवहन से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस से साझा करें, पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।