स्वर्गीय आरती बाई के नामांकित पिता के खाते में जमा हुई बीमा राशि, बैंक कर्मियों ने पूरी कराई क्लेम प्रक्रिया
बेमेतरा। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) जरूरत के समय पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दाढ़ी शाखा, जिला बेमेतरा के माध्यम से स्वर्गीय आरती बाई, निवासी ग्राम बघुली के नामांकित व्यक्ति एवं उनके पिता श्री परेतन सतनामी को ₹2 लाख की बीमा क्लेम राशि प्रदान की गई। यह राशि 24 अक्टूबर 2026 को उनके बैंक खाते में जमा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय आरती बाई की मृत्यु तेज बुखार के कारण हुई थी। उनके निधन के बाद प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम की प्रक्रिया पूरी की गई। बीमा राशि प्राप्त होने से शोकाकुल परिवार को कठिन समय में आर्थिक सहायता मिली है।
क्लेम प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराने में शाखा प्रबंधक विवेक अग्रवाल तथा बैंक स्टाफ सुश्री शिवानी मुरलीधर पाटिल और वेदांत घनेकर का सराहनीय योगदान रहा। बैंक कर्मचारियों ने नामांकित व्यक्ति को आवश्यक जानकारी देने के साथ जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया, जिससे क्लेम राशि का भुगतान संभव हो सका।
इस अवसर पर शाखा के समस्त कर्मचारी और उपस्थित ग्राहक मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) रविन्द्र नाथ जोगी भी उपस्थित रहे।
विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा देती है योजना
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसके तहत पात्र खाताधारकों को निर्धारित शर्तों के अनुसार जीवन बीमा सुरक्षा प्रदान की जाती है। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति को बीमा राशि मिलती है, जो संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


