धमतरी। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत थाना कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने की फिराक में निकले चार युवकों को टेमरी नाका पर घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 4.490 किलो गांजा सहित दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल बरामद किए गए हैं। जप्त संपत्ति की कुल कीमत 3,64,500 रुपये आंकी गई है।
कैसे हुई कार्यवाही:
थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार होकर पायलेटिंग करते हुए आगे जा रहे हैं, जबकि उनके पीछे एक अन्य ग्रे रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (सी.जी. 04 आर.ए. 2799) पर दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर खरियार रोड (ओडिशा) से बागबाहरा (महासमुंद) की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी की और सामने से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी संदिग्ध मोटरसाइकिल को भी रोका गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों बाइकों पर सवार चारों व्यक्ति आपस में परिचित हैं और आगे चल रही बाइक पीछे वाली बाइक को गाइड कर रही थी।
आरोपियों की पहचान:
पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान इस प्रकार की है:
- 1. भावेश साहू उर्फ आयुष पिता दिनेश साहू (21 वर्ष), निवासी करगा, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी
- 2. विनय कुमार साहू पिता ईश्वर लाल (19 वर्ष), निवासी करगी, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी
- 3. पिकेश साहू पिता संतोष साहू (21 वर्ष), निवासी सकरी, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी
- 4. लोकेश साहू उर्फ काशीराम पिता भंवरलाल (21 वर्ष), निवासी करगा, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी
जप्त संपत्ति:
वाहनों और पास रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 4.490 किलोग्राम गांजा (कीमती 2,24,500 रुपये) बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को खरियार रोड, नुआपाड़ा (ओडिशा) से धमतरी (छ.ग.) स्वयं के लिए लेकर जाना बताया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 217/2026 धारा 20(B)(II)(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
जप्त संपत्ति में शामिल हैं:
- · 4.490 किग्रा गांजा (कीमती 2,24,500 रुपये)
- · 04 नग मोबाइल (कीमती 40,000 रुपये)
- · 02 नग मोटरसाइकिल (कीमती 1,00,000 रुपये)
- · कुल जुमला कीमती: 3,64,500 रुपये
पुलिस की सराहनीय भूमिका:
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन तथा बिक्री एवं इंड टू इंड इन्वेस्टिगेशन और फायनेशियल इन्वेस्टिगेशन पर प्रभावी एवं विधिवत कार्यवाही करने हेतु दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिले में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में सटीक सूचना, त्वरित एवं समन्वय के साथ की गई कार्यवाही से गांजा तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली है। थाना कोमाखान पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना की जा रही है।


