भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, अंबानी नहीं’ — युवा कांग्रेस नेता प्रशांत पण्डा ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर उठाए तीखे सवाल

BIRENDRA KUMAR SEN

October 11, 2026

‘भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, अंबानी नहीं’ — युवा कांग्रेस नेता प्रशांत पण्डा ने केंद्र सरकार की चुप्पी पर उठाए तीखे सवाल

महासमुन्द। युवा कांग्रेस जिला महामंत्री प्रत्याशी प्रशांत पण्डा ने एलन मस्क की पोस्ट को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व की कथित चुप्पी पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री पद की गरिमा, सरकार की जवाबदेही और कॉरपोरेट जगत के प्रभाव का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि एलन मस्क की पोस्ट में प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई गलती हुई है, तो सरकार के मंत्री, भाजपा नेतृत्व और संबंधित सरकारी एजेंसियां इस पर अपना पक्ष स्पष्ट क्यों नहीं रख रही हैं?

प्रशांत पण्डा ने कहा कि “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, अंबानी नहीं। प्रधानमंत्री पद देश के लोकतांत्रिक संवैधानिक ढांचे का सर्वोच्च राजनीतिक पद है। इससे जुड़ी किसी भी टिप्पणी पर सरकार का पक्ष स्पष्ट होना चाहिए। आखिर इस मुद्दे पर सरकार की चुप्पी के पीछे क्या वजह है?”

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के आंदोलनों और युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान प्रशासनिक सख्ती दिखाई देती है, लेकिन जब बड़े उद्योगपतियों और सरकार के संबंधों को लेकर सवाल उठते हैं, तो जवाब देने में हिचकिचाहट क्यों नजर आती है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है और उन सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी।

प्रशांत ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा केवल भाषणों और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सरकार को हर उस सवाल पर स्पष्टता दिखानी चाहिए, जिसका संबंध देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, जनविश्वास और सार्वजनिक जवाबदेही से है।

उन्होंने कहा कि जनता को चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए; राजनीतिक बयानबाजी नहीं, स्पष्टता चाहिए। सरकार को सामने आकर तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रखना चाहिए, ताकि किसी भी तरह के भ्रम और अटकलों पर विराम लग सके।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment