कई बार शिकायत और खबर प्रकाशित होने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, पूर्व जनपद सदस्य ने शासन-प्रशासन पर साधा निशाना
ठेलकी। ग्राम पंचायत ठेलकी में दाह संस्कार के लिए बनाया जा रहा शेड लंबे समय से अधूरा पड़ा है। शेड का निर्माण पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है और समाचार पत्रों में भी खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश और खराब मौसम के दौरान अंतिम संस्कार करना और भी मुश्किल हो जाता है। गांव में दाह संस्कार के लिए बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने अधूरे पड़े शेड का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।
पूर्व जनपद सदस्य ने उठाए सवाल
मामले को लेकर पूर्व जनपद सदस्य जीतेन्द्र यदु ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधा से जुड़ा काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। कई बार ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं देना समझ से परे है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अब नींद से जागकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने की मांग की है।
ग्रामीणों में नाराजगी
गांव के किसान अमित ठाकुर, धनीराम यादव , जागेश्वर साहू, सहित अन्य ग्रामीणों ने भी अधूरे निर्माण को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि दाह संस्कार के लिए शेड कोई ऐशो-आराम की सुविधा नहीं, बल्कि गांव की जरूरी मूलभूत व्यवस्था है। इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अधूरे शेड का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।