बालोद में कॉलेज छात्रा पर एसिड अटैक का पर्दाफाश: प्रेमी ही निकला मास्टरमाइंड, दोस्त के साथ मिलकर रची थी खौफनाक साजिश; दोनों आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

October 7, 2026

बालोद में कॉलेज छात्रा पर एसिड अटैक का पर्दाफाश: प्रेमी ही निकला मास्टरमाइंड, दोस्त के साथ मिलकर रची थी खौफनाक साजिश; दोनों आरोपी गिरफ्तार

बालोद। नगर के आमापारा इलाके में 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस दिल दहला देने वाली वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि छात्रा का प्रेमी ही निकला। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता लेकर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी यश सोनकर अपनी प्रेमिका (पीड़िता) के अन्य पुरुष मित्रों से बातचीत करने को लेकर काफी परेशान और नाराज रहता था। उसने अपनी इस परेशानी और रंजिश का जिक्र भैरमगढ़ निवासी अपने दोस्त करण कुंजाम से किया। इसके बाद दोनों ने मिलकर छात्रा पर एसिड फेंकने की खौफनाक साजिश रची।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों की पहली योजना बालोद नगर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान ही हमला करने की थी, लेकिन भीड़ व अनुकूल मौका न मिलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद सोमवार को योजनाबद्ध तरीके से प्रेमी के दोस्त करण कुंजाम ने छात्रा पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए प्रेमी यश सोनकर ने कड़ाई से पूछताछ में पूरी साजिश कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए फरार मुख्य हमलावर करण कुंजाम को कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।

दिनदहाड़े छात्रा पर हुए इस कायराना हमले के बाद से बालोद नगर के नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment