बिलासपुर में बच्चे को ट्यूशन छोड़ने निकली महिला 3 दिन से लापता, सरकंडा पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मामला
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका स्थित शिवम वाटिका कॉलोनी से एक 32 वर्षीय महिला के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 2 अक्टूबर की शाम अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने घर से निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध रूप से लापता हो गई। 3 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोपका की शिवम वाटिका कॉलोनी निवासी हिमांशु कुर्रे (उम्र 32 वर्ष), पति हरीश कुर्रे, 2 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए निकली थीं। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
काफी देर तक पता न चलने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, संभावित ठिकानों और परिचितों व रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अनहोनी और अपहरण की आशंका जताते हुए परिजनों ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर महिला की तलाश तेज कर दी है। पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर टीम भेजकर सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला के अचानक इस तरह लापता होने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।