भानपुर। वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुशगढ़ के आश्रित ग्राम भानपुर में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 एवं 2 में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बच्चे एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को लेकर उन्हें जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को आंगनबाड़ी सेवाओं से जोड़ना तथा बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
चांदन सेक्टर की प्रभारी संगीता साहू ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सर्वांगीण विकास के लिए नियमित पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की देखभाल और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस अवसर पर गांव में सक्रिय रूप से कार्य करने वाली मितानिन दीदियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं संगीता साहू के मार्गदर्शन में उपस्थित माताओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां, योग गतिविधि एवं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला सिदार ने बालगीत प्रस्तुत कर बच्चों और उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ सहायक ललित साहू, प्रधान पाठक हीरालाल साहू, सतरूपा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुलोचना भगत, बद्रीनाथ बारीक, विनोद नायक, सुकृता, मितानिन जानकी, सरोजनी यादव, सहायिका मीरा विश्वकर्मा, चंदर बाई, सरस्वती, गीतांजलि यादव, पीताम्बरी वैष्णव, हासनी पटेल, कुसुमलता यादव एवं तिजऊ राम यादव सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।