चांपा।
चांपा में आयोजित पत्रकार सम्मान कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप की पत्रकारों को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल हुए विधायक के संबोधन के दौरान पत्रकारिता को लेकर की गई टिप्पणी पर मौजूद पत्रकारों ने आपत्ति जताई। छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार संगठन ने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। वहीं भाजपा नेता बबलू शर्मा ने भी मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
चांपा में छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार संगठन के तत्वावधान में पत्रकार सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप अतिथि के रूप में शामिल हुए। संबोधन के दौरान विधायक ने पत्रकारिता को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि आज के समय में कुछ लोग केवल माइक और आई-कार्ड लटकाकर चलते हैं और लोगों से पैसे की उगाही करते हैं। विधायक ने कथित तौर पर इसे पत्रकारिता का पेशा बनाए जाने से जोड़ा।
विधायक की टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने आपत्ति जताई। पत्रकारों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली या अनियमितता की शिकायत है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। लेकिन किसी व्यक्ति विशेष के कथित कृत्य के आधार पर पूरे पत्रकार समाज को एक ही नजर से देखना उचित नहीं है।
छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक के बयान पर आपत्ति जताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पत्रकारों को लेकर इस तरह की टिप्पणी से पत्रकार समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को लिखित शिकायत की जाएगी।
मामले को लेकर भाजपा नेता बबलू शर्मा ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक की टिप्पणी पर कटाक्ष किया। उन्होंने पत्रकारों को लेकर दिए गए बयान को लेकर अपनी बात रखी।
फिलहाल विधायक व्यास कश्यप की टिप्पणी को लेकर पत्रकारों में नाराजगी बनी हुई है। पत्रकार संगठन की ओर से सार्वजनिक माफी की मांग की गई है। अब विधायक की ओर से इस मामले में कोई स्पष्टीकरण या प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं, इस पर नजर बनी हुई है।