श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु: ग्राम रिकोकला में भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

BIRENDRA KUMAR SEN

October 4, 2026

श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु: ग्राम रिकोकला में भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

रिकोकला: ग्राम रिकोकला स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे पितृ मोक्षार्थ श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन रविवार को कथा पंडाल भक्ति रस में सराबोर हो गया। कथा के पंचम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के दिव्य प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

व्यासपीठ से कथावाचक पंडित शशि भूषण त्रिवेदी जी महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल सुलभ चेष्टाओं और लीलाओं का जीवंत चित्रण किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इसके उपरांत गोवर्धन पर्वत धारण करने के पावन प्रसंग की व्याख्या करते हुए महाराज जी ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण का शाश्वत संदेश है। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान को तोड़कर मानव समाज को यह सिखाया कि हमें अन्न, जल और जीवन देने वाली प्रकृति के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।

कथा के दौरान भजनों की धुन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। उपस्थित भक्तों ने कथा श्रवण कर अपने पितरों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना की।

इस ज्ञान यज्ञ में पंडित संजीव कुमार त्रिवेदी जी महाराज द्वारा समस्त धार्मिक अनुष्ठानों एवं मूल पाठ का विधिवत संपादन कराया जा रहा है। आयोजन को लेकर रिकोकला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित करने पहुंच रहे हैं।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment