महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस में चोरी करने वाला अंतरजिला शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के जेवर और मोबाइल बरामद
महासमुंद: महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने अंतरजिला बस में महिला यात्री के बैग से नकदी व जेवरात चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से सोने के जेवरात और मोबाइल सहित करीब 75,000 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा के नुआपाड़ा जिले (राजा खरियार) की रहने वाली संजू कुमारी नायक ने 27 अगस्त 2026 को कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ‘जय माता दी’ बस से रायपुर से अपने घर राजा खरियार लौट रही थी। रात करीब 1:00 बजे जब बस एनएच-353 स्थित ग्राम मौलीमुड़ा के ओम ढाबे पर रुकी, तब पीड़िता लघुशंका के लिए नीचे उतरी। वापस लौटने पर उसका बैग गायब मिला, जिसमें 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने के जेवर (चैन, कर्णफूल, टॉप्स, अंगूठी) समेत कुल 2,75,000 रुपये का सामान था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 102/2026 धारा 305(ए), 62, 331(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सीडीआर (CDR) डेटा एनालिसिस के आधार पर संदेही का सुराग जुटाया।
लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस ने रायपुर के आमानाका कुकुरबेड़ा (थाना सरस्वती नगर) में दबिश देकर 31 वर्षीय आरोपी बसंत बाघ (पिता भेलीमत बाघ) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने बस से बैग चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पीड़िता का एक मोबाइल फोन (कीमत 5,000 रुपये), कान का सोने का टॉप्स (कीमत 25,000 रुपये) और सोने का कर्णफूल (कीमत 45,000 रुपये) कुल कीमत 75,000 रुपये का माल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे 2 अक्टूबर 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।