ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 20 लाख के गांजा तस्करी मामले का मुख्य सप्लायर ओडिशा से गिरफ्तार
महासमुंद/बागबाहरा: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए मुख्य सप्लायर को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और तकनीकी व डेटा एनालिसिस के जरिए पुलिस उसकी चौखट तक पहुंची।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला मुख्य सोर्स का राज एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार, बागबाहरा पुलिस मादक पदार्थों के परिवहनकर्ताओं के साथ-साथ उनके सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट की वित्तीय व तकनीकी पड़ताल कर रही थी। मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल डेटा के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर ओडिशा के मुख्य गांजा सप्लायर की सटीक लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम ने ओडिशा के नुआपड़ा जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी शीरी दास को धर दबोचा। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फरवरी में 40 किलो गांजे के साथ पकड़े गए थे दो तस्कर यह पूरा मामला 9 फरवरी 2026 का है, जब बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हुंडई वरना कार (क्रमांक MP 07 AG 8311) को रोककर तलाशी ली थी। कार से 40.200 किलोग्राम अवैध गांजा (बाजार मूल्य 20 लाख रुपये) बरामद किया गया था। उस दौरान मध्य प्रदेश के दतिया निवासी सुमीत श्रीवास्तव और मुरैना निवासी रीना भदौरिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी थी।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी:
- शीरी दास पिता सुबरू दास (उम्र 47 वर्ष), निवासी सुकलूमुड़ी, थाना कोमना, जिला नुआपड़ा (ओडिशा)।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी (परिवहनकर्ता):
- सुमीत श्रीवास्तव पिता लक्ष्मण (उम्र 33 वर्ष), निवासी दतिया, जिला दतिया (म.प्र.)
- रीना भदौरिया पति देवेंद्र भदौरिया (उम्र 40 वर्ष), निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, जिला मुरैना (म.प्र.)
मामले में कुल जप्त संपत्ति:
- 40.200 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 20,00,000 रुपये)
- हुंडई वरना कार (कीमत लगभग 12,00,000 रुपये)
- 02 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20,000 रुपये) (कुल जुमला संपत्ति: 32 लाख 20 हजार रुपये)