बलौदाबाजार बस स्टैंड में बस ड्राइवर पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार बस स्टैंड में सवारी बैठाने के मामूली विवाद पर बस चालक पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा व कपड़े बरामद कर लिए हैं, वहीं मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 09:40 बजे की है। राधेश्याम बस के कंडक्टर शत्रुहन साहू ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि बस स्टैंड पर बस में सवारी भरी जा रही थी। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक दिलीप मिरी और उसका पुत्र भी वहां सवारी बैठाने लगे। जब बस ड्राइवर राधे बांधे ने उन्हें रोका, तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बस ड्राइवर के सिर पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे ड्राइवर गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ग्राम मिशन परसाभदेर बाईपास रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी दिलीप मिरी (37 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके घर की बाड़ी से हमले में इस्तेमाल बांस का डंडा और कपड़े जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 109 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार सह-आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।