पालन-पोषण देखरेख योजना: बलौदाबाजार में बालिका को मिला नया परिवार, कलेक्टर ने शिक्षिका बनने के सपने को दी शुभकामनाएं
बलौदाबाजार। जिले में देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाली एक बालिका को फॉस्टर केयर (पालन-पोषण देखरेख) योजना के तहत नया और सुरक्षित पारिवारिक आशियाना मिल गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन में बालक कल्याण समिति (CWC) बलौदाबाजार द्वारा गोद/फॉस्टर केयर की संपूर्ण वैधानिक प्रक्रिया विधिवत पूरी की गई।
प्रक्रिया के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बालिका से अत्यंत आत्मीय संवाद स्थापित कर उसकी रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। बातचीत में बालिका ने बड़े ही उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भविष्य में शिक्षिका (टीचर) बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने बालिका के इस सपने की सराहना करते हुए उसे स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किए और उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारा आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्री शर्मा ने फॉस्टर परिवार को बालिका के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भावनात्मक संबल सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, फॉस्टर माता-पिता ने भरोसा दिलाया कि वे बच्ची को अपने परिवार के अभिन्न सदस्य के रूप में पूरा मान-सम्मान, अपनत्व और लाड़-प्यार देंगे।
नया परिवार और सुरक्षित परिवेश पाकर बालिका के चेहरे पर भी खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। जिला प्रशासन और बालक कल्याण समिति की यह संवेदनशीलता समाज में बेसहारा बच्चों को पारिवारिक स्नेह और संरक्षण प्रदान करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।