शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी: न्यायालय ने चालक पर ठोका 10,000 रुपये का जुर्माना, लाइसेंस निलंबन की भी तैयारी

BIRENDRA KUMAR SEN

October 1, 2026

शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी: न्यायालय ने चालक पर ठोका 10,000 रुपये का जुर्माना, लाइसेंस निलंबन की भी तैयारी

गिधौरी/बलौदाबाजार: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सख्त अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में जिलेभर में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना गिधौरी पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के जरिए चेकिंग कर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए एक चालक को रंगे हाथों पकड़ा।

मामले में गिधौरी पुलिस द्वारा चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई कर वाहन जप्त किया गया और प्रकरण को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी वाहन चालक पर 10,000 रुपये का अर्थदंड (जुर्माना) अधिरोपित किया।

लाइसेंस निलंबन की भी होगी कार्रवाई पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे लापरवाह चालकों पर आगे भी इसी प्रकार की सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment