सेवा संकल्प अभियान
बलौदाबाजार, 29 सितम्बर 2026। गांव-गांव के लोगों को सरकारी काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए शुरू किया गया सेवा सेतु पोर्टल अब लोगों के काम आसान कर रहा है। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने के बाद जरूरी प्रमाण पत्र समय पर मिल जाने से लोगों को काफी राहत मिल रही है। पलारी विकासखंड के ग्राम बोहारडीह निवासी अजय कुमार ने अपनी बेटी खिलेश्वरी के आय प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के बाद दस्तावेजों का सत्यापन और जांच की प्रक्रिया पूरी हुई और कुछ ही घंटों में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
आय प्रमाण पत्र लेने पहुंची खिलेश्वरी ने बताया कि उसने सारागांव के एक कॉलेज में डी.एल.एड. में प्रवेश लिया है। कॉलेज की छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाण पत्र जरूरी था। ऐसे में उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया और ज्यादा इंतजार किए बिना प्रमाण पत्र मिल गया।
खिलेश्वरी ने बताया कि पहले ऐसे काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सेवा सेतु के जरिए काम काफी आसान हो गया है। समय पर प्रमाण पत्र मिल जाने से अब छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में भी कोई परेशानी नहीं होगी।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु योजना गांव के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। घर बैठे आवेदन और समय पर प्रमाण पत्र मिलने से लोगों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं।
