बिजराडीह में बाढ़ के बीच फंसे 4 परिवारों के 17 लोग, गणेशपुर में 11 ग्रामीण और 9 बकरियों का रेस्क्यू

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

September 26, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में लगातार बारिश से शनिवार को कई गांवों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई। गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिजराडीह में चार परिवारों के 17 लोग पानी के बीच फंस गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

गणेशपुर में 11 ग्रामीणों के साथ 9 बकरियां भी निकालीं

सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में बाढ़ का पानी भरने से 11 ग्रामीण फंस गए थे। संयुक्त टीम मोटर बोट और जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर सभी ग्रामीणों को उनके सामान सहित सुरक्षित बाहर निकाला गया। घर में मौजूद 9 बकरियों को भी टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविर पहुंचाया।

डोंगरीडीह में भी पहुंची पुलिस टीम

लवन थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीडीह में बढ़ते जलस्तर के कारण कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

लगातार बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने जिले के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न लें। किसी भी आपात स्थिति में 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment