पांचों संभागों के 480 खिलाड़ी कुराश, रग्बी और नेटबॉल में दिखाएंगे दमखम, 580 प्रतिभागी होंगे शामिल
बलौदाबाजार, 26 सितंबर 2026। जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से खिलाड़ी शामिल होंगे। कुराश, रग्बी और नेटबॉल की विभिन्न स्पर्धाओं में लगभग 480 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिता की तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों के लिए आवास, खेल मैदान तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
तीन खेलों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में कुराश के अंतर्गत 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। वहीं रग्बी में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं तथा नेटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के बीच मुकाबले होंगे।
आयोजन में राज्य के पांचों संभागों से 240 बालक, 240 बालिका और 100 ऑफिशियल सहित कुल 580 प्रतिभागियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
अलग-अलग स्थानों पर होगी आवास व्यवस्था
प्रतिभागियों के लिए संभागवार आवास व्यवस्था की गई है। रायपुर संभाग के बालकों के लिए सेजेस एमडीवी अंग्रेजी विद्यालय तथा बालिकाओं के लिए लक्ष्मी प्रसाद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्यवस्था की गई है।
बिलासपुर संभाग के बालकों के लिए शाश्वत अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं बालिकाओं के लिए संस्कार उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग संभाग के बालकों के लिए ज्ञान गंगा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं बालिकाओं के लिए एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी स्कूल में आवास की व्यवस्था की गई है।
इसी प्रकार बस्तर संभाग के बालकों के लिए पं. चक्रपाणि शुक्ल सेजेस हिंदी माध्यम तथा बालिकाओं के लिए गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल में व्यवस्था रहेगी। सरगुजा संभाग के बालकों के लिए सेजेस एमडीवी अंग्रेजी विद्यालय तथा बालिकाओं के लिए लक्ष्मी प्रसाद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आवास व्यवस्था की गई है।
इन स्थानों पर होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के लिए खेलवार आयोजन स्थल भी निर्धारित किए गए हैं—
कुराश: नगर भवन, बलौदाबाजार
नेटबॉल: जिला स्टेडियम (लॉन टेनिस मैदान), बलौदाबाजार
रग्बी: पं. चक्रपाणि शुक्ल सेजेस हिंदी माध्यम, बलौदाबाजार
चार दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचने वाले युवा खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।