गरियाबंद:- सचिव संगठन जिला इकाई गरियाबंद ने सोमवार, 21 सितंबर 2026 को संगठन की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू के नेतृत्व में सौंपा गया।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से सचिवों के ऑनलाइन अटेंडेंस पर रोक लगाने, हड़ताल अवधि के लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने, प्रत्येक माह 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा सचिवों के रुके हुए वेतन का भुगतान कराने की मांग रखी।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो सचिव संगठन द्वारा जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने संगठन की मांगों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर जिला अध्यक्ष की अपील,
जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू ने जिले के सभी सचिवों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी सचिव ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं करेगा। उन्होंने सभी सचिवों से ऑनलाइन अटेंडेंस ग्रुप से लेफ्ट होने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशासनिक आदेश के बिना किसी भी सचिव द्वारा ऑनलाइन अटेंडेंस ग्रुप में उपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी।
पदाधिकारियों एवं सचिवों की रही मौजूदगी,
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला सचिव हेमकुमार पटेल, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, जनपद पंचायत गरियाबंद ब्लॉक अध्यक्ष अनुज ठाकुर, छुरा ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सोनकर, मैनपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह ध्रुव, फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद साहू, देवभोग ब्लॉक अध्यक्ष सुकांत बेहेरा, सोशल मीडिया प्रभारी कंचन कुमार नायक सहित संतराम सिन्हा, डॉ. कन्हैयालाल ध्रुव, बोधन साहू, खेमन साहू, पुस्तम नागेश, बसंत सिन्हा, रेवाराम साहू, संतोष यादव, विष्णु साहू, अनिल साहू, भूपेंद्र सेन, पुष्पा सिन्हा सहित अन्य सचिव साथी उपस्थित रहे।
उपसंचालक का विदाई एवं स्वागत सम्मान,
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत गरियाबंद की उपसंचालक पद्मिनी हरदेल का विदाई सम्मान किया गया। वहीं नवपदस्थ उपसंचालक कमल का स्वागत एवं सम्मान भी सचिव संगठन के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।