महासमुंद में पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’: बलेनो कार से 83 किलो गांजा जब्त, मध्य प्रदेश के 4 तस्कर गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

September 21, 2026

महासमुंद में पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’: बलेनो कार से 83 किलो गांजा जब्त, मध्य प्रदेश के 4 तस्कर गिरफ्तार

सांकरा/महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सांकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की बलेनो कार से 83.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में कार सवार मध्य प्रदेश के 4 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजा, कार और मोबाइल फोन सहित कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 47.85 लाख रुपये आंका गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, बिक्री और वित्तीय कड़ियों की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 20 सितंबर को सांकरा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद बलेनो कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर बसना होते हुए रायपुर की तरफ जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बिजेपुर मोड़ के पास एनएच-53 पर नाकेबंदी की। संदिग्ध बलेनो कार के पहुंचते ही उसे रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 83.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से करीब 41.55 लाख रुपये मूल्य का गांजा, तस्करी में इस्तेमाल कार (कीमत 6 लाख रुपये) और 30 हजार रुपये मूल्य के तीन मोबाइल फोन जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  1. लोचन महारा (28 वर्ष) – निवासी जरही, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
  2. राजेश उरमलिया (40 वर्ष) – निवासी अमलीहा, थाना चचाई, चौकी देवहरा, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
  3. सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी (19 वर्ष) – निवासी जरही, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.)
  4. तुलाराम चंद्रवंशी (39 वर्ष) – निवासी जरही, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.)

सांकरा थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 163/26, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) तथा बीएनएस की धारा 336(2), 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment