हसौद। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ग्राम धमनी में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जनजागरूकता रैली निकाली। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी दफ्तियां और जुबां पर नारे लिए बच्चों ने नशामुक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
हसौद 19 सितंबर 2026 को ग्राम धमनी में सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शानदार जनजागरूकता रैली निकाली। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के अंतर्गत आयोजित रैली में बच्चों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने “पानी बचाओ–जीवन बचाओ”, “नशा मुक्त हो समाज हमारा”, “स्वच्छ गांव–स्वस्थ गांव” और “हरित विद्यालय–सुंदर विद्यालय” जैसे नारों के साथ लोगों को स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
रैली में इको क्लब के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने से संबंधित संदेश लिखी दफ्तियां लेकर लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों का उत्साह पूरे कार्यक्रम के दौरान देखने लायक रहा।
कार्यक्रम का संचालन उत्कृष्ट नवाचारी शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज और जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
रैली में जनपद सदस्य एवं सभापति विजय केशी, सरपंच प्रतिनिधि दीपक कुमार मधुकर, उपसरपंच युवराज साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रेम दास महंत, मध्यान्ह भोजन समिति अध्यक्ष सरोज मधुकर सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इको क्लब की प्रमुख आरुषि कोयल के साथ पीहू, अलिशा, छाया, गौरव, मीनाक्षी, नेहा, सुधा, कायरा और प्रतिव्या सहित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक टिकेश्वर प्रसाद दुबे, शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े, मनीष दास बैरागी, संजय कुमार तांजय, हेरोद कुमार भारद्वाज, प्राथमिक प्रधान पाठक छोटेलाल बंजारे एवं सेवानिवृत्त शिक्षक कुंजराम कश्यप की सहभागिता रही।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे प्रयासों से ही समाज को बेहतर बनाया जा सकता है। ग्रामीणों और उपस्थित नागरिकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की।