श्रीराम-जानकी मंदिर चौक में विधि-विधान से हुई पूजा, रात में दिव्य ज्योति पंडवानी पार्टी की प्रस्तुति ने बांधा समां
लच्छनपुर। गांव के श्रीराम-जानकी मंदिर चौक में भगवान श्री विश्वकर्मा पूजा का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जय बाबा विश्वकर्मा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहले दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। वहीं, रात में पंडवानी की प्रस्तुति से गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। दूसरे दिन भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा विसर्जन के लिए गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। समिति द्वारा पूजा-अर्चना का कार्यक्रम विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद आयोजित रात्रिकालीन कार्यक्रम में दिव्य ज्योति पंडवानी पार्टी लच्छनपुर ने अपनी प्रस्तुति दी। पंडवानी गायन ने लोगों को छत्तीसगढ़ की लोककला और धार्मिक परंपरा से जोड़े रखा। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
गली-गली, चौक-चौराहों पर हुआ स्वागत, पूजा के बाद विसर्जन
दूसरे दिन भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा विसर्जन के लिए गांव में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गांव की गली-गली और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों ने अपने-अपने मोहल्लों और चौक में भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धा भाव से शीश नवाया। जगह-जगह पूजा के साथ शोभायात्रा में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इसके बाद विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
समिति सदस्यों और ग्रामवासियों का रहा सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में जय बाबा विश्वकर्मा समिति के सदस्य विष्णु साहू, रामदयाल, राजू, किशन, तिरिथ, मनोहर, गोलू, बिशम्भर, बिसे, गीता, रुपलाल, बलराम, पप्पू, सीताराम एवं मूलचंद यादव सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। सामूहिक सहयोग से पूजा, पंडवानी कार्यक्रम और विसर्जन शोभायात्रा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुई।
