छतरमड़ई में महिला की हत्या से सनसनी, कांच की बोतल से सिर पर किया वार; युवक गिरफ्तार,

BHUPENDRA SINHA

September 17, 2026

छुरा /गरियाबंद:- गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतरमड़ई में महिला की हत्या का मामला सामने आने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। नवाखाई और गणेशोत्सव के बीच हुई इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक युवक टकेश्वर गोंड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कांच की बोतल से सिर पर वार करने का आरोप,

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छतरमड़ई निवासी 37 वर्षीय रतनी बाई सोरी के साथ 15 सितंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि गांव के ही टकेश्वर गोंड़ ने महिला के सिर पर कांच की बोतल से वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में इसकी जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर टकेश्वर गोंड़ को पकड़कर रखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची छुरा पुलिस,

ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान टकेश्वर गोंड़ द्वारा कांच की बोतल से महिला के सिर पर वार किए जाने की बात बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के पीछे की वजह अब भी जांच का विषय,

हालांकि, इस पूरी वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला और आरोपी के बीच घटना से पहले किसी तरह का विवाद हुआ था या हत्या किसी अन्य कारण से हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाने के लिए पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटना का पूरा घटनाक्रम पुलिस की विस्तृत विवेचना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आरोपी न्यायालय में पेश,

छुरा पुलिस ने मामले में टकेश्वर गोंड़ को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार के बीच हत्या की घटना से गांव में दहशत,

नवाखाई और गणेशोत्सव के माहौल के बीच गांव में महिला की हत्या की घटना सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment