ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय गांजा सिंडिकेट, 2 कारों समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, 17 लाख का माल जब्त

BIRENDRA KUMAR SEN

September 17, 2026

ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय गांजा सिंडिकेट, 2 कारों समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, 17 लाख का माल जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर घेराबंदी कर ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में दो कारों सहित स्थानीय स्तर पर तस्करी से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे और वाहनों की कुल कीमत 17 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनपुर (ओडिशा) से दो कारों—क्रेटा और स्विफ्ट—में गांजे की बड़ी खेप सांकरा होते हुए रायपुर की तरफ खपाने के लिए ले जाई जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित बल्दीड़ीह चौक के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध वाहनों के पहुंचते ही उन्हें रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 37.300 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ दोनों लग्जरी गाड़ियां और आरोपियों के 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पकड़े गए सभी आरोपी महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं:

  • ​महेंद्र पटेल उर्फ रितेश (भगत देवरी, थाना सांकरा)
  • ​टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू (डोंगरीपाली, थाना सांकरा)
  • ​सुमित शर्मा (लाखागढ़, थाना पिथौरा)
  • ​देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश (राजपुर, थाना बसना)
  • ​गितेश नायक (धुपेनडीह, थाना बसना)
  • ​नवसागर पटेल उर्फ नूतन (सागरपाली, थाना सरायपाली)
  • ​मंसूर खान (लाखागढ़, थाना पिथौरा)

  • गांजा: 37.300 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹7,40,000)
  • वाहन: 1 क्रेटा कार (मूल्य ₹6,00,000) एवं 1 सफेद स्विफ्ट कार (मूल्य ₹3,00,000)
  • अन्य: 6 नग मोबाइल फोन (मूल्य ₹70,000)
  • कुल जब्ती: ₹17,10,000

​थाना सांकरा में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) की धारा 20(B) के तहत अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment