पाण्डुका/गरियाबंद :- जिले के प्रसिद्ध गजपल्ला वाटरफॉल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पानी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से रायपुर निवासी एक 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वाटरफॉल पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, युवक आदित्य चौधरी (17 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ वाटरफॉल में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। जिले की रेस्क्यू टीम भी आवश्यक तैयारियों के साथ मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी युवक रायपुर के रहने वाले हैं और पिकनिक मनाने के लिए गजपल्ला वाटरफॉल आए थे।
पहले भी हो चुका है हादसा,
गौरतलब है कि गजपल्ला वाटरफॉल में पिछले वर्ष भी पानी में डूबने से एक युवती की मौत हो चुकी है। इस तरह यह इस वाटरफॉल में डूबने की दूसरी दर्दनाक घटना बताई जा रही है।
वहीं, पाण्डुका थाना प्रभारी द्वारा पर्यटकों एवं लोगों को वाटरफॉल के खतरनाक हिस्सों में जाने और पानी में उतरने से पहले ही सावधानी बरतने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद हुए इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस एवं रेस्क्यू टीम की कार्रवाई जारी है।