सूने मकान में चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, बिलाईगढ़ पुलिस ने जेवर और नकदी सहित भेजा जेल
बिलाईगढ़: क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों सहित चोरी का माल छिपाने वाले कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंडरीपानी निवासी श्रवण कुमार रात्रे रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर भीतर रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। प्रार्थी की शिकायत पर बिलाईगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदेह और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर दो संदिग्धों—सुमित लहरे और देवा रात्रे को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने:
- चोरी की रकम से खरीदा गया एक नया ‘रियलमी’ (Realme) स्मार्टफोन
- ₹4,000 नकद
- चांदी की माला
मामले की जांच आगे बढ़ने पर चोरी के जेवरात छिपाने के आरोप में देवा के मामा मनीष महिलांगे को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से बाकी सोने-चांदी के जेवर विधिवत जब्त किए।
बिलाईगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।