नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार, रिपोर्ट के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाही
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए नाबालिग बेटी से दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति शिवकुमार यादव द्वारा उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को डराने-धमकाने और मारपीट करने के साथ लगातार गलत तरीके से शोषण किया जा रहा था। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने का भी आरोप है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 478/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 तथा जेजे एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी की तलाश कर घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 22 अगस्त 2026 को शिवकुमार यादव (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है!