बलौदाबाजार वनमंडल में ‘एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव’ शुरू, वन भूमि से हटेगा अतिक्रमण

BIRENDRA KUMAR SEN

June 3, 2026

बलौदाबाजार वनमंडल में ‘एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव’ शुरू, वन भूमि से हटेगा अतिक्रमण

बलौदाबाजार, 3 जून 2026: वन भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की पहचान व धरपकड़ के लिए बलौदाबाजार वनमंडल में एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार, 1 जून से विशेष “एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव” (अतिक्रमण विरोधी अभियान) का आगाज किया गया है, जो आगामी 15 जून तक निरंतर जारी रहेगा।

वर्षा ऋतु (मानसून) के शुरू होने से पहले वन भूमि पर अतिक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वनमंडल स्तर पर अंतर-परिक्षेत्रीय संयुक्त निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। ये टीमें अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में जाकर जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच कर रही हैं।

गठित निरीक्षण दल वन सीमाओं, वनखण्डों और बीट क्षेत्रों का कड़ाई से जमीनी निरीक्षण कर रहे हैं। विशेष रूप से उन संवेदनशील क्षेत्रों और कक्षों (कंपार्टमेंट) की सघन जांच की जा रही है, जिनकी सीमाएं राजस्व गांवों या निजी कृषि भूमि से सटी हुई हैं। इस दौरान वन सीमाओं, मुनारों (बाउंड्री पिलर) की स्थिति, अवैध कटाई, अवैध उत्खनन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों का बारीकी से मूल्यांकन किया जा रहा है।

अभियान को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई गई है। इसके तहत एक परिक्षेत्र के अधिकारियों को दूसरे परिक्षेत्र में निरीक्षण की जिम्मेदारी (क्रॉस-चेकिंग) दी गई है। स्थानीय परिक्षेत्र के कर्मचारी इस जांच टीम को आवश्यक नक्शे, कक्ष इतिहास (कंपार्टमेंट हिस्ट्री) और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराकर बीटवार जानकारी का सत्यापन करा रहे हैं।

इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान केवल अतिक्रमण ही नहीं, बल्कि वन क्षेत्रों में बढ़ते मानवीय दबाव, मवेशियों की चराई, खरपतवार की स्थिति और अब तक जारी किए गए वन अधिकार मान्यता पत्रों (पट्टों) का सत्यापन भी किया जाएगा। वन सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए मैदानी स्तर से सुझाव भी जुटाए जा रहे हैं।

कड़ी कार्रवाई के निर्देश: “वन भूमि और हमारे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस विशेष अभियान के जरिए सभी वन क्षेत्रों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। यदि कहीं भी नया अतिक्रमण या अवैध गतिविधि पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” — धम्मशील गणवीर, वनमण्डलाधिकारी (DFO), बलौदाबाजार

DFO ने वनमंडल के सभी अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को मुस्तैदी से डटे रहने और इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

संपादकीय नोट: मानसून पूर्व वन विभाग की इस मुस्तैदी से भू-माफियाओं और वन भूमि पर नजर गड़ाए बैठे लोगों में हड़कंप मच गया है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment