
सारंगढ़। किसानों को खाद उपलब्ध कराने में हो रही कठिनाइयों और क्षेत्र में खाद की कथित कमी को लेकर जशपुर सेवा सहकारी समिति परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों की समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की गई।
कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित क्षेत्र समस्या निवारण समिति के अध्यक्ष विकास कोसले के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं, धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व पंचायत प्रभारी दहिदा गुलशन भारती ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान शामिल हुए।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव रेशम लाल अजय, ब्लॉक उपाध्यक्ष विधाता पटेल, उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश लहरे, संयुक्त महामंत्री मुकेश लहरे, मीडिया प्रभारी अश्वनी भारती, मुकेश भारद्वाज, सम्मेलाल लहरे, टिंकू जांगड़े, मंगल चंद, भीम सिंह बंजारे, गंगाराम सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर पंचायत प्रभारी गुलशन भारती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा कृषि संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन से किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई।