प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितताओं का आरोप, पात्र परिवारों को लाभ से वंचित करने की शिकायत,

BHUPENDRA SINHA

May 14, 2026

छुरा/ गरियाबंद:- छुरा नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन को शिकायत सौंपकर योजना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऐसे लोगों को भी लाभ दिया गया है जिनके पास पहले से पक्का एवं सेंट्रिंग मकान उपलब्ध है। वहीं कई परिवारों में एक ही परिवार के 3 से 4 सदस्यों के नाम पर अलग-अलग आवास स्वीकृत किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसे नियमों के विपरीत बताया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिन हितग्राहियों को पूर्व में इंदिरा आवास योजना का लाभ मिल चुका है, उन्हें पुनः प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया गया है। इससे वास्तविक जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 एवं 14 सहित कुछ वार्डों के गरीब एवं पात्र परिवारों को सूची से बाहर रखने का आरोप भी लगाया गया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिलने से उनमें नाराजगी बढ़ रही है, इसके अलावा कुछ हितग्राहियों द्वारा स्वीकृत आवास में स्वयं निवास न कर किराए पर दिए जाने की जानकारी भी शिकायत में दी गई है।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाए जाएं तथा वास्तविक गरीब एवं पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
साथ ही संबंधित दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि माननीय कलेक्टर एवं आवास एवं शहरी पर्यावरण मंत्री को भी प्रेषित की गई है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment