जमीन के लालच में अपनों का ही बहाया खून: एक ही परिवार के 4 सदस्यों की निर्मम हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा/शिवरीनारायण:
छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाना शिवरीनारायण अंतर्गत पुलिस सहायता केन्द्र राहौद क्षेत्र के ग्राम भवतरा में पारिवारिक जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी पिता और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार 14 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में एक घर के भीतर चार लोगों के शव खून से लथपथ पड़े हैं। मृतकों की पहचान मेदनीराम कश्यप और उनके परिवार के सदस्यों के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई।
पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त जांच में मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके पोते गोलू कश्यप पर संदेह जताया गया। जब पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि लंबे समय से पारिवारिक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने इस खूनी खेल को अंजाम दिया।
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप पहले भी जघन्य अपराध कर चुका है।
- वर्ष 2009: सोनसाय ने अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी।
- रिहाई: वह करीब दो वर्ष पूर्व ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था।
- विवाद: जेल से आने के बाद वह अपने पिता मेदनीराम से जमीन की मांग कर रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि पूर्व में मृतक की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी।
SP निवेदिता पाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मातहत अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। पुलिस की सक्रियता के कारण आरोपी पिता-पुत्र को भागने का मौका नहीं मिला और वे सलाखों के पीछे पहुँच गए। फिलहाल पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
“पारिवारिक जमीन विवाद में चार लोगों की हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।”
— पुलिस प्रशासन, जांजगीर