NSUI अब जिले के हर कॉलेज में पहुंचाएगी अपनी टीम, सदस्यता अभियान का पोस्टर जारी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 17, 2026

बलौदाबाजार में जिला स्तरीय बैठक में बनी रणनीति, छात्रवृत्ति से लेकर कॉलेज की समस्याओं तक आवाज उठाने की तैयारी

बलौदाबाजार।  जिले में NSUI ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। अब संगठन की टीम जिले के कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों से जुड़ेगी और उन्हें सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन से जोड़ेगी। मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में NSUI की जिला स्तरीय बैठक हुई। जिला अध्यक्ष विवेक यदु की अगुवाई में हुई बैठक में संगठन की आगे की गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ‘छात्रों की गूंज – छात्र सदस्यता अभियान’ के पोस्टर का विमोचन किया गया। अभियान के तहत जिले के ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को NSUI से जोड़ने की योजना है। संगठन का नारा ‘हर छात्र की आवाज़ – NSUI के साथ!’ रखा गया है।बैठक में कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करने और उनकी समस्याएं जानने पर जोर दिया गया। छात्रवृत्ति नहीं मिलने, कॉलेजों में पढ़ाई से जुड़ी दिक्कतों, सुरक्षित कैंपस और अन्य छात्रहित के मुद्दों को उठाने की बात कही गई। संगठन इन समस्याओं को कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन तक पहुंचाएगा।

कॉलेजों की समस्याओं को लेकर उठाएंगे आवाज

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर सिर्फ ज्ञापन देकर जिम्मेदारी पूरी नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने और नए छात्र नेताओं को आगे लाने पर भी चर्चा हुई।

जिला अध्यक्ष विवेक यदु ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर सभी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ें। उन्होंने छात्रहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने और विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने की बात कही। बैठक में जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू, साहिल यादव, बलौदाबाजार विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, भाटापारा विधानसभा अध्यक्ष देवाशीष कुर्रे, कसडोल विधानसभा अध्यक्ष अनुराग साहू, जिला महासचिव गौतम गोल्डी साहू, डीके कॉलेज अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर, शहर अध्यक्ष राहुल नेगी सहित चंद्रकांत पटेल, मिथिलेश खुंटे, कृष्ण कुमार, कैलश्वर साहू, सुमित बंजारे, मिथिलेश साहू, देवाशीष यादव, जीतू साहू, उदय मार्कण्डेय, प्रियांशु घृतलहरे, सौरभ दास मानिकपुरी और भूपेंद्र पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के बाद NSUI पदाधिकारियों ने कहा कि सदस्यता अभियान के जरिए जिले के हर कॉलेज तक पहुंचने और विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment