बिलासपुर में संभाग स्तरीय सम्मेलन का आयोजन, उप मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से जानी सफलता की कहानियां; स्मार्ट ठेला पंजीयन का किया शुभारंभ
बिलासपुर। 17 नवंबर 2026 छत्तीसगढ़ के छोटे कारोबारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना ने ठेला-खोमचा लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित पीएम स्वनिधि योजना के संभाग स्तरीय हितग्राही सम्मेलन में कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से मजबूत बनें और सम्मान के साथ अपना व्यवसाय आगे बढ़ाएं। पहले छोटे व्यापारियों को कारोबार के लिए साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे उनकी मेहनत की कमाई ब्याज चुकाने में ही खर्च हो जाती थी। वर्ष 2020 में शुरू हुई पीएम स्वनिधि योजना ने ऐसे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया है।
तीन चरणों में मिल रहा ऋण, कारोबार बढ़ाने का अवसर
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इससे छोटे कारोबारी अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से नियमित रूप से ऋण चुकाने, डिजिटल लेनदेन अपनाने और यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड की 30 हजार रुपये तक की सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ
सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्मार्ट ठेला पंजीयन का शुभारंभ करते हुए पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी और कारोबार करने में सहूलियत होगी। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उनके उत्पादों, बिक्री और आमदनी की जानकारी ली। हितग्राहियों को डिजिटल भुगतान के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स भी वितरित किए गए।
छत्तीसगढ़ के 1.23 लाख हितग्राहियों को मिला 282 करोड़ का ऋण
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 282 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेनदेन पर अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है।
सम्मेलन में सफल पथ विक्रेताओं की प्रेरणादायक कहानियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों, उनके प्रतिभाशाली बच्चों, बैंकों और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। स्वनिधि चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण की पहल भी की गई।
20 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होगा छत्तीसगढ़ और बिलासपुर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर को देश में दूसरा तथा छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा को पहला स्थान मिला है। अब पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए भी छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को 20 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगरीय निकायों, बैंकर्स, अधिकारियों और हितग्राहियों को बधाई दी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता और पथ विक्रेता भारतीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। महापौर पूजा विधानी ने योजना को छोटे कारोबारियों के लिए आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का माध्यम बताया। कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने भी योजना की सराहना की।
प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन सोनमणि वोरा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि छोटे व्यवसायी आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने बैंकर्स से ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने और छोटे उद्यमियों को सहयोग देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, संचालक नगरीय प्रशासन नीलेश क्षीरसागर, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में योजना के हितग्राही उपस्थित रहे। अंत में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने आभार व्यक्त किया।


